Monday, February 28, 2011

खुश रहना है बहुत आसान

1. सुबह अपने लिए थोडा समय जरूर निकालें ताकि आपके मस्तिष्क में अच्छे विचार आ सकें। इसके लिए आंखें बंद करके सकारात्मक भाव वाली किसी कविता या प्रार्थना का सस्वर पाठ करते हुए गहराई से उसका अर्थ समझने का प्रयास करें। इस दौरान नाक से सांस लें और उसे मुंह से वापस छोडें। दिन भर तनावमुक्त रहने के लिए यह अच्छा व्यायाम है।
2. हाल ही में किए गए सर्वेक्षणों से यह तथ्य सामने आया है कि जो लोग सुबह का नाश्ता नहीं करते उनमें शारीरिक और मानसिक तनाव बहुत अधिक होता है और जो लोग सुबह के नाश्ते में पौष्टिक चीजें जैसे स्प्राउट्स, फल, जूस आदि लेते हैं उन्हें किसी तरह के तनाव का अनुभव नहीं होता। नाश्ते में मौजूद जिंक, विटमिन सी, विटमिन बी और मैग्नीशियम आपके शरीर को तनाव के नकारात्मक असर से लडने की ऊर्जा देते हैं।
3. अपने शारीरिक और मानसिक तनाव के लक्षणों को पहचानने की कोशिश करें कि किस स्थिति में आप स्वयं को ज्यादा तनावग्रस्त महसूस करती हैं। जब कभी तनाव महसूस हो तो इसे दूर करने के लिए आप यह करें-अपनी पीठ बिलकुल सीधी रखें, पेट के निचले हिस्से को भीतर की ओर हलका सा सिकोडें और वापस उसी अवस्था में छोड दें। कम से कम चार-पांच बार ऐसा करने से आप स्वयं को तनावमुक्त महसूस करेंगी। इससे सांस सही ढंग से चलने लगती है।
4. कंप्यूटर पर लगातार काम करते-करते आंखें थक जाती हैं। इस समस्या से बचने के लिए कम से कम हर तीन घंटे के अंतराल पर अपनी हथेलियों से दो मिनट के लिए पलकें बंद करें और फिर धीरे-धीरे आंखें खोलें। इससे आराम महसूस होगा।
5. हंसना तनाव दूर करने का सबसे आसान उपाय है। इसलिए टीवी पर गंभीर कार्यक्रमों के बजाय कोई कॉमेडी शो देखें।
6. संगीत तनाव दूर करने का सबसे बेहतर जरिया है। इसलिए वीकएंड में न सिर्फ अपनी पसंद का संगीत सुनें, बल्कि खुद भी खुले गले से गुनगुनाएं। वैज्ञानिक सर्वेक्षणों से साबित हो चुका है कि गाने से मस्तिष्क तक ऑक्सीजन का प्रवाह तेज गति से होता है और इससे व्यक्ति तनावमुक्त महसूस करता है।

No comments:

Post a Comment